खोड़ा के मास्टर पार्क में एक बंद मोबाइल शॉप में सोमवार देर रात नोएडा निवासी आइडिया कंपनी के सेल्समैन का शव बोरे में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने मोबाइल शॉप संचालक पर हत्या का आरोप लगाया है।
नोएडा सेक्टर-58 के बिशनपुर गांव निवासी कमल सिंह तोमर (28) आइडिया कंपनी में सेल्समैन थे। वे पत्नी रिचा और बेटे आयुष और पीयूष के साथ कई साल से यहां रह रहे थे। 27 मार्च की सुबह कमल सेक्टर-58 स्थित अपने ऑफिस से सिम डिस्ट्रीब्यूट करने निकले थे।
दोपहर बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजनों ने गुमशुदगी नोएडा में दर्ज कराई थी। दोपहर को मास्टर पार्क में कुछ लोगाें ने बंद मोबाइल की दुकान से बदबू आने की शिकायत की। फोन कर जब दुकान संचालक को बुलाया गया तो वह नहीं पहुंचा।
देर रात पुलिस ने दुकान का शटर तोड़ा। अंदर कमल की लाश पड़ी थी। लोगाें ने बताया कि खोड़ा निवासी पंकज दुकान को चलाता है। 27 तारीख की दोपहर से ही वह दुकान बंद कर गायब है। परिजनों ने पंकज पर हत्या का आरोप लगाया है।
कमल के साथ ही सेल्समैन था पंकज
पुलिस जांच में पता चला है कि पंकज भी छह माह पहले तक कमल के साथ आइडिया में सेल्समैन था। नौकरी छोड़कर उसने दुकान खोली थी। कमल पंकज को भी सिम और रिचार्ज कूपन सप्लाई करता था।
ऐसे में पुलिस को शक है कि पंकज पर कमल का बकाया हो सकता है। इसी बकाए को बचाने के लिए वह हत्या कर सकता है।