दिल्ली के सीलमपुर इलाके में सोमवार सुबह बच्चों को स्कूल ले जा रही एक आरटीवी डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। हादसे में एक दर्जन बच्चे जख्मी हो गए। जिन्हें अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आरटीवी को जब्त कर चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह पौने आठ बजे सूचना मिली कि स्कूली बच्चों से भरी एक आरटीवी शास्त्री पार्क स्थित बुलंद मस्जिद के पास डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई है। हादसे में कई बच्चे जख्मी हो गए है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन के जरिए आरटीवी को सीधा करवाया और ग्यारह बच्चों को उपचार के लिए जगप्रवेश और चाचा नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया। सभी बच्चों के सिर और हाथ पैर में चोट लगी है।
अस्पताल में घायल बच्चों नमन (12), प्रशांत(11), मानवी(12), ऋषभ(10), संध्या(12), नेहा(12), साहिल(10), अक्षत(7), इशिका(13), अपूर्व(13) और जतिन(8) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने बताया कि सभी बच्चे भजनपुरा, करतार नगर, गामड़ी, और उस्मानपुर के रहने वाले हैं। बच्चों के परिवार वालों ने ही आरटीवी को स्कूल ले जाने के लिए किराए पर लिया था। सभी बच्चे जमुना बाजार स्थित स्वामी हरि आनंद पब्लिक स्कूल के थे। पुलिस ने सोनिया विहार में रहने वाले आरटीवी मालिक को हिरासत में लेकर चालक के बारे में पूछताछ कर रही है।