भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता द्वारा दायर किए गए मानहानी मामले में दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ समन जारी किया। कोर्ट ने दोनों को 16 जुलाई को पेश होने का आदेश दिया है।
बता दें कि, पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने विजेंद्र गुप्ता पर उनकी हत्या के षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप लगाया था। इसके बाद चार जून को विजेंद्र गुप्ता ने पटियाला हॉउस कोर्ट में केजरीवाल और सिसोदिया के इस बयान के खिलाफ मानहानी का मुकदमा दर्ज करवाया था।
मानहानी का केस दायर करने के बाद विजेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया था कि केजरीवाल ने उनकी छवि धूमिल करने के लिए ऐसा बयान दिया है। विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि मुकदमा दायर करने से पहले उन्होंने मुख्यमंत्री केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को कानूनी नोटिस देकर सात दिन के अंदर माफी मांगने को भी कहा था।
जब सात दिन बाद भी नोटिस का जवाब नहीं मिला तो दोनों नेताओं पर पटियाला हाउस कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर कर दिया।