नई दिल्ली के दक्षिण-पूर्व जिले के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश में रेड लाइट पर एक रिकवरी कंपनी के कर्मचारी को शनिवार दोपहर को बेखौफ बदमाशों ने चाकुओं से बुरी तरह गोद दिया। उसके बाद बदमाश युवक से करीब चार लाख रुपये व अन्य कीमत सामान लूटकर फरार हो गए।
दिल दहला देने वाली यह वारदात ग्रेटर कैलाश थाने से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर हुई। रेड लाइट पर उस समय काफी लोग मौजूद थे। लहूलुहान पीड़ित दर्द से तड़पता रहा मगर कोई आगे नहीं आया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पुलिस अधिकारियों में अफरातफरी मच गई।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार मीन प्रसाद पांडेय (28) साउथ एक्स में स्थित रिकवरी कंपनी फिनकॉप में काम करता है। वह शनिवार दोपहर करीब साढ़े बारह चार लाख रुपये लेकर ग्रेटर कैलाश स्थित जम्मू-कश्मीर बैंक में जमा कराने जा रहा था।