गाजियाबाद में हिंडन नदी के पास सोमवार सुबह एनएच-24 की सड़क करीब दस फीट नीचे धंस जाने से ट्रैफिक बाधित हो गया है। जानकारी के अनुसार एनएच-24 पर छिजारसी पुल से करीब 100 मीटर की दूरी पर सड़क की मिट्टी धंस गई है।
इस मिट्टी के धंस जाने से सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसके कारण भारी जाम लग गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम की स्थिति देखते हुए गाजियाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति देखते हुए पूरा राष्ट्रीय राजमार्ग 24 ही बंद कर दिया और वहां से आने-जाने वाला ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है।
जल निगम की पाइप लीकेज के कारण धंसी रोड
गौरतलब है कि एनएच-24 के पास रोड धंसने का कारण वहां जल निगम की पाइप लाइन है। बताया जा रहा है कि जहां रोड धंसी है वहां से जल निगम की पाइप में लीकेज है।
लीकेज की वजह से धीरे-धीरे मिट्टी गलती गई और रोड खोखली हो गई। खोखली हो जाने की वजह से जब रोड पर भार पड़ा तो वह धंस गई।
इस घटना की जांच के लिए मौके पर डीएम और एनएचआई के अधिकारी पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक आज शाम तक भी रोड खोले जाने को लेकर संशय बना हुआ है। संभावना है कि आज ये रोड न खुले।
ऐसे डायवर्ट है ट्रैफिक
जानकारी के अनुसार सड़क धंसने के बाद गाजियाबाद पुलिस मौके पर तैनात है और ट्रैफिक डायवर्जन का काम संभाल रही है। पुलिस ने एनएच 24 पर आने वाला ट्रैफिक पूरी तरह डायवर्ट कर दिया है। इससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
इस रूट पर हापुड़ से आने वाले ट्रैफिक को एनएच-58 की तरफ से निकाला जा रहा है। वहीं दिल्ली, लखनऊ आदि से आने वाले ट्रैफिक को नोएडा, ग्रेटर-नोएडा की तरफ से निकाला जा रहा है। वहीं मुरादाबाद आदि जाने वाले ट्रैफिक को डासना व बुलंदशहर से होकर निकाला जा रहा है।
देखें वीडियो