नोएडा के सेक्टर-50 में ओवरसीज अपार्टमेंट के पास सड़क धंसी
- फोटो : अमर उजाला
नोएडा के सेक्टर-50 में ओवरसीज अपार्टमेंट के पास सड़क अचानक धंस जाने से क्षेत्र में खतरे की स्थिति पैदा हो गई है। स्थानीय प्रशासन ने इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, सड़क धंसने की घटना सोमवार को सामने आई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने नोएडा प्राधिकरण और पुलिस को सूचित किया। नोएडा प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण किया और सड़क को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि सड़क धंसने का कारण प्रारंभिक तौर पर भूमिगत जल रिसाव या सीवर लाइन में रुकावट हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस रास्ते का उपयोग रोजाना सैकड़ों लोग करते हैं और सड़क धंसने से बड़े हादसे का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है और मरम्मत कार्य शुरू करने की बात कही है। नोएडा पुलिस ने भी लोगों से इस क्षेत्र में सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। मरम्मत कार्य पूरा होने तक इस रास्ते से बचने की सलाह दी गई है।
सेक्टर 50 के पंकज ने बताया कि ये सीवर जाम होने से हुआ है। पिछले कई महीने से सेक्टर 50 के कई ब्लाक के निवासी सीवर चोक होने की शिकायत कर रहें थे, पर इस पर नोएडा अथॉरिटी ने संज्ञान नहीं लिया। वहीं घटना स्थल एफ ब्लॉक के महासचिव राजेश सिंह का कहना है कि यह प्राधिकरण की बड़ी लापरवाही है कोई भी बड़ी घटना हो सकती थी।