हादसे में क्षतिग्रस्त कार (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
दिल्लीवासी ट्रैफिक नियमों की परवाह नहीं करते और ट्रैफिक नियमों का सबसे ज्यादा उल्लंघन करते हैं। इस कारण दिल्ली में सबसे ज्यादा ज्यादा जानें जाती हैं। या कहें कि सड़क दुर्घटना के ज्ञात कारणों में ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने से ज्यादा लोगों की मौत होती है।
दूसरा सबसे बड़ा कारण
वाहनों की तेज रफ्तार है। दिल्ली में वर्ष 2022 में 1461 लोगों की जान गई, जबकि 5201 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 257 लोगों की मौत ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के कारण हुई। दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा की ओर से जारी सड़क दुर्घटना रिपोर्ट-2022 से पता लगता है कि दिल्ली में लोग ट्रैफिक नियमों का सबसे ज्यादा उल्लंघन करते हैं।
इस कारण दिल्ली में सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। रिपोर्ट में यातायात नियमों को सशक्त और प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। सड़क दुर्घटनाओं की संख्या को कम करने के लिए यातायात प्रबंधन जरूरी है। तेज गति से गाड़ी चलाना सड़क दुर्घटनाओं का दूसरा कारण बनकर उभरा है। तीसरा कारण सड़कों पर बने तीखे मोड़ हैं।
दिल्ली यातायात पुलिस अधिकारियों के अनुसार सड़क दुर्घटनाएं सड़क इंजीनियरिंग से लेकर कई कारकों के कारण होती हैं। इनमें नागरिकों में जागरूकता की कमी से जुड़ी खामियां, सड़क-स्वामित्व वाली एजेंसियां, इंजीनियरिंग प्राधिकरण, आपातकालीन स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली, यातायात पुलिस और नागरिक स्वयं भी जिम्मेदार होते हैं।