पुलिस के मुताबिक छेदी मुखिया अपने परिवार के साथ विवेक विहार इलाके के त्रिवेनी अपार्टमेंट में रहता था। उसका अपना कारोबार था। परिवार में बेटे सूरज के अलावा अन्य सदस्य हैं। छेदी का भतीजा हीरा शर्मा परिवार के साथ राजीव कैंप स्थित झिलमिल कॉलोनी में रहता है। पिछले कुछ दिनों से छेदी के गाजीपुर स्थित दूसरे मकान पर काम चल रहा है। बुधवार रात को छेदी ने हीरा को घर पर बुलाया। उससे गाजीपुर वाले मकान का निर्माणाधीन बाथरूम को देखने के लिए कहा। दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर गाजीपुर पहुंचे। वहां हीरा ने निर्माण कार्य को देखा और देर रात करीब 11 बजे दोनों वापस विवेक विहार के लिए बाइक से निकल गए। बाइक छेदी चला रहा था।
दोनों विवेक विहार स्थित श्रेष्ठ विहार के बस स्टैंड पर पहुंचे थे। बाइक काफी तेज गति में थी। अचानक छेदी का फोन बजने लगा। छेदी ने बाइक रोककर कॉल उठाने के बजाए चलती बाइक से पहले हेलमेट उतारा और जेब से फोन निकालकर बात करनी चाही। इस बीच बाइक का संतुलन बिगड़ा और दोनों बाइक समेत डिवाइडर से टकरा गए। हेलमेट न होने की वजह से छेदी का सिर रेलिंग से टकराकर फट गया और खून बहने लगा। हीरा के घुटने में चोट लगी।
घायल होने के बाद भी वह चाचा के पास पहुंचा तब तक छेदी अचेत हो चुका था। उसने कई लोगों से मदद की गुहार लगाई। लेकिन काफी देर बाद भी कोई नहीं रुका। हीरा अपना फोन घर भूल आया था। चाचा के मोबाइल में भी लॉक लगा था। वह चाहकर भी मदद के लिए कॉल नहीं कर पा रहा था। इस दौरान चाचा के बेटे सूरज का कॉल और हीरा ने तुरंत सूरज को मौके पर बुला लिया। बाद में दोनों छेदी की बाइक पर ही उसे बीच में बिठाकर अस्पताल ले गए, जहां छेदी को मृत घोषित कर दिया गया। हीरा को इलाज के बाद गुरुवार सुबह छुट्टी दे दी गई। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।