गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के मद्देनजर नोएडा को अतिसंवेदनशील माना जा रहा है। ऐसे में यूपी एटीएस के 50 कमांडो की टुकड़ी यहां मोर्चा संभालेगी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अलग से एक हेलीकॉप्टर मुहैया कराया गया है।
बुधवार से सुरक्षाकर्मी हेलीकॉप्टर से नोएडा की जमीन पर आसमान से निगरानी करना शुरू कर देंगे। जैसे-जैसे गणतंत्र दिवस नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
अभी तक कयास लगाया जा रहा था कि नोएडा और गाजियाबाद की सुरक्षा के लिए एक हेलिकॉप्टर होगा, लेकिन मंगलवार देर शाम यह तय कर दिया गया कि नोएडा की सुरक्षा के लिए अलग से एक हेलिकॉप्टर तैनात किया जाएगा।
इसका बेस पुलिस लाइन में होगा। बुधवार सुबह से वह सुरक्षा का जायजा लेने के लिए उड़ान भरेगा। नोएडा पुलिस के अधिकारी लगातार मॉक ड्रिल कर सुरक्षा मानकों को परख रहे हैं, ताकि आपात स्थिति में कोई चूक न हो। वहीं यमुना एक्सप्रेसवे को अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में रखा गया है, उस पर वाहनों का संचालन बंद नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक नोएडा को अलग से एक हेलिकॉप्टर दिया गया है। बुधवार से सुरक्षाकर्मी हेलिकॉप्टर से राउंड द क्लॉक सुरक्षा का जायजा लेंगे। वहीं एक्सप्रेसवे पर जो संशय बना हुआ था, वह खत्म हो गया है। एक्सप्रेसवे पर वाहनों का संचालन रोज की तरह होता रहेगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस तैयार है।