केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने निर्माण भवन में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला। पुरी के मुताबिक, उनको मंत्री बने करीब ढाई साल हो गए हैं, लेकिन इस बीच दिल्ली सरकार से कोई सहयोग नहीं मिला।
इसकी जगह हर कदम पर रुकावटें डाली गईं। केंद्र की किसी भी पहल पर दिल्ली सरकार का नजरिया नकारात्मक ही रहा है। मसलन, मेट्रो फेज-4 व आरआरटीएस पर दिल्ली सरकार सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद ही राजी हुई। इसमें पैसे को लेकर भी अड़चन लगाए हुए है।
हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि मुख्यमंत्री अपना प्रचार करने के लिए तो तैयार रहते हैं, लेकिन जमीन पर उनसे कोई काम नहीं होता। जिम्मेदारी लेने से भी वह भाग निकलते हैं। पुरी के मुताबिक, जब दिल्ली में प्रदूषण कम होता है तो वह अपनी पीठ थपथपाते हैं, जबकि प्रदूषण बढ़ने पर पंजाब व हरियाणा में पराली जलने पर सारा ठीकरा फोड़ देते हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं को मुफ्त में सफर कराने की योजना लेकर आई है। इससे किसी को एतराज नहीं है, लेकिन इससे पहले बसों की संख्या बढ़ानी थी। इस मामले में हालत बहुत खराब हैं। दिल्ली में 11,000 बसें चलनी चाहिए, लेकिन संख्या चार हजार भी नहीं है।