फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kangana Ranaut: कंगना के किसान आंदोलन के दौरान दिए गए बयान से नाराज थी CISF कर्मी, सामने आया वीडियो

Thu, 06 Jun 2024 08:12 PM IST
आकाश दुबे अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा

सार

Kangana Ranaut Video: आरोपी महिला जवान कुलविंदर कौर की प्रतिक्रिया सामने आई है। कंगना रनौत के किसान आंदोलन के दौरान दिए गए बयान से कुलविंदर कौर नाराज थी। 
विज्ञापन
महिला जवान और कंगना रनौत - फोटो : वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नवनिर्वाचित भाजपा सांसद व फिल्म अभिनेत्री कंगना रणौत को चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सीआईएसएफ की एक महिला सुरक्षाकर्मी ने थप्पड़ मार दिया। घटना वीरवार को हवाईअड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान हुई। आरोपी महिला सुरक्षाकर्मी कुलविंदर कौर किसान आंदोलन के दौरान कंगना की बयानबाजी से नाराज थी। सीआईएसएफ ने उसे निलंबित कर उसके खिलाफ स्थानीय पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करने के लिए शिकायत दी है। साथ ही जांच कमेटी गठित की गई है।

विज्ञापन


मंडी संसदीय क्षेत्र से जीत दर्ज करने के बाद कंगना दिल्ली में भाजपा की बैठक में शामिल होने के लिए जा रही थीं। उन्हें चंडीगढ़ हवाईअड्डे से विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या यूके-707 से रवाना होना था। हवाईअड्डे पर सुरक्षा जांच करा रही थीं। उनके साथ उनके स्टाफ के सदस्य भी मौजूद थे। इसी दौरान वहां उपस्थित सीआईएसएफ की महिला सुरक्षाकर्मी कुलविंदर कौर ने उनसे सवाल किया कि मैडम आप भाजपा से जीती हैं।

आपकी पार्टी किसानों के लिए कुछ क्यों नहीं कर रही है। साथ ही किसान आंदोलन के दौरान कंगना की बयानबाजी पर भी कुलविंदर ने सवाल पूछा। इस पर दोनों के बीच बहस होने लगी। आरोप है कि इसी बीच महिला सुरक्षाकर्मी ने कंगना को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने कंगना को समझाया। कंगना ने सुरक्षाकर्मी पर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद वह फ्लाइट से दिल्ली रवाना हो गईं। बता दें कि कंगना रणौत ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह को 74,755 वोटों से हराया है।

महिला सुरक्षाकर्मी ने मुझे थप्पड़ मारा, गालियां दीं: कंगना
घटना के बाद कंगना रनौत ने एक वीडियो जारी कर कहा कि ‘मुझे बहुत सारे फोन आ रहे हैं, मीडिया के भी और मेरे शुभचिंतकों के भी। सबसे पहले मैं आपको बता दूं कि मैं सुरक्षित हूं। आज चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर मेरे साथ एक हादसा हुआ। एयरपोर्ट पर एक महिला जवान ने मुझे गालियां देनी शुरू कर दीं। उसने बताया कि वह किसान आंदोलन की समर्थक है। उसने साइड से आकर मुझे थप्पड़ मारा। मैं तो सुरक्षित हूं, लेकिन मेरी चिंता पंजाब में बढ़ रहे उग्रवाद और आतंकवाद को लेकर है। इसे कैसे भी करके हैंडल करना पड़ेगा।’

कुलविंदर का वीडियो आया सामने
कंगना को थप्पड़ मारने के बाद कुलविंदर कौर का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह कंगना को संबोधित करते हुए यह कहती नजर आ रही हैं कि ‘उसने कहा था कि 100-100 रुपये की खातिर लोग किसान आंदोलन में बैठ रहे हैं, ये बैठेगी वहां पर, मेरी मां बैठी थी वहां, जब उसने यह बयान दिया था।’

एयरपोर्ट पर सुरक्षा के लिए जिम्मेदार लोग खुद ही सुरक्षा का उल्लंघन कर रहे हैं। यह गंभीर मामला है। सुरक्षाकर्मी पर कार्रवाई सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। -रेखा शर्मा, अध्यक्ष राष्ट्रीय महिला आयोग
विज्ञापन

सीआईएसएफ के कमांडेंट पीआर मिश्रा ने सांसद व अभिनेत्री कंगना रणौत के साथ दुर्व्यवहार की जानकारी दी है। इसकी जांच की जा रही है। - अजय वर्मा, सीईओ, चंडीगढ़ एयरपोर्ट अथॉरिटी

अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। सीआईएसएफ ने हमें शिकायत दी है। मामले की जांच की जा रही है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। -कुलजिंदर सिंह, डीएसपी एयरपोर्ट
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें