पहचान की युवती को बुला फ्लैट में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने के दो आरोपियों को खेड़ी पुल चौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मालूम हो कि भूपानी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 18 वर्षीय युवती के पड़ोस में पवन और मनोज 2014 में किराए पर रहते थे। इस दौरान मनोज की युवती से दोस्ती हो गई थी। जून 2014 में पवन और मनोज किसी दूसरी जगह शिफ्ट हो गए थे।
9 मार्च 2015 को पवन ने युवती को फोन कर जरूरी काम से मिलने के लिए बुलाया था। गांव के बाहर सरकारी स्कूल के पास पवन युवती को अपनी बाइक पर बैठा कर बीपीटीपी स्थित फ्लैट में ले गया था।
यहां पवन और उसके साथी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। युवती ने पवन और मनोज के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में पता चला कि घटना के समय मनोज मौके पर मौजूद ही नहीं था।
पवन और उसके दोस्त आलोक ने युवती के साथ दुष्कर्म किया था। मंगलवार की शाम पुलिस ने पवन और आलोक को नीलम चौक के पास से पकड़ लिया।
वर्तमान में एसी नगर में किराए पर रह रहे दोनों साथी मेवात के रहने वाले हैं। खेड़ी चौकी इंचार्ज ने बताया कि दुष्कर्म में मनोज मौजूद था या नहीं इसकी जांच की जा रही है, उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।