केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का 46वां स्थापना दिवस टेक सैवी बल बनाने के तौर पर मनाया गया। मंगलवार को सीआईएसएफ इंदिरापुरम स्थित 5वीं रिजर्व बटालियन में सीआईएसएफ के आधुनिकीकरण की प्रक्रिया जारी रहने के बारे में बताया गया। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह थे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि सीआईएसएफ एक डायनैमिक फोर्स है। यह एक सजग प्रहरी है। जिसका देश के विकास में बड़ा योगदान है। सीआईएसएफ 46 रन बनाकर अविजित है।
इस सुरक्षा बल के बारे में कभी भी शिकायत नहीं मिली है। आतंकवादी प्रमुख संस्थानों और देश की ऐतिहासिक धरोहरों को भी निशाना बना रहे हैं, ऐसे में सीआईएसएफ पर बड़ी जिम्मेदारी है।
इस दौरान उन्होंने सीआईएसएफ की मैगजीन सेनीटल का विमोचन किया। सीआईएसएफ के डीजी अरविंद रंजन ने कहा कि आधुनिक उपकरण और ट्रेनिंग के क्षेत्र में सीआईएसएफ का आधुनिकीकरण जारी है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो से लेकर परमाणु संयत्रों, हवाई अड्डों, ऐतिहासिक स्थल, आतंक एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सीआईएसएफ तैनात है। जहां तकनीक और बुद्धिबल से सुरक्षा दी जाती है।
सुरक्षा बल की संख्या तीन हजार से आज एक लाख 41 हजार तक पहुंच गई है। साथ ही यह बल फायर विंग का अभिन्न अंग है।
इस दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने अनुशासन और ताकत का शानदार प्रदर्शन किया। परेड के साथ गृहमंत्री को सलामी दी।
आईटीपीओ में सुरक्षा उपकरणों के परीक्षण की स्थापना को मंजूरी
गृह मंत्रालय से सीआईएसएफ को सुरक्षा उपकरणों की गुणवत्ता के आकलन के लिए प्रगति मैदान में डिमांस्ट्रेबल इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी सिस्टम फैसिलिटी स्थापित करने की मंजूरी मिल गईहै।
इस सुविधा केंद्र की स्थापना के लिए आईटीपीओ अधिकारियों के साथ काम शुरू कर दिया गया है।
समारोह में दिखी महिला सशक्तीकरण की झलक
स्थापना दिवस पर महिला सशक्तीकरण की झलक दिखाई दी। महिला बल ने विभिन्न ड्रिल के जरिए क्षमता का प्रदर्शन किया।
महिला बल को निंजा पैटर्न पर प्रशिक्षण दिया गया है। इन्होंने बिल्डिंग रैंपलिंग ड्रिल, फ्लेंच फायर फाइटिंग, वन मिनट ड्रिल दिखाकर आपदा के दौरान अपनी तैयारियों के बारे में जानकारी दी।
वीआईपी सुरक्षा ड्रिल बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के अंत में वीआईपी की सुरक्षा ड्रिल आकर्षण का केंद्र रही। पहली बार सीआईएसएफ की परेड में ड्रिल को दिखाया गया है।
इस ड्रिल में सीआईएसएफ जवान ने दिखाया कि किसी वाईआईपी पर होने वाले हमले में वह कितने सक्षम हैं। अंत में गाड़ी से किए स्टंट के बाद पूरा महौल तालियों से गूंज उठा।
तालियां बजाकर की हौसला अफजाई
सीआईएसएफ के 46वें स्थापना दिवस का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। लोगों ने परेड सलामी के दौरान खड़े होकर परेड कमांडर को सम्मान दिया।
वहीं सीआइएसएफ जवानों द्वारा मॉक ड्रिल के दौरान दिखाए गए करतबों को देखकर हैरान रह गए। सीआईएसएफ महिला जवानों ने मॉक ड्रिल के जरिए अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
वीरता पुलिस पदक
एके राय, इंस्पेक्टर, जेबी यादव, सब इंस्पेक्टर, कांस्टेबल उत्तम पासुमतारी व कुलोधर दास
राष्ट्रपति पुलिस पदक
अनिक किशोर, सब इंस्पेक्टर, रविनाथ बाड़ी, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर
उत्कृष्ट सेवा पुलिस मेडल
देवदत्ता सिंह, डीएमआरसी में आईजी, शिखर सहाय, डीआईजी, नीता सिन्हा, डीआईजी एनसीआर, श्यामला दिबावारही, डीआइजी दिल्ली, बीडी शर्मा, सीनियर कमांडेंट, सुदर्शन मल्होत्री, डिप्टी कमांडेंट, एनएस मुरलीधर, असिस्टेंट कमांडेंट, एम पुरुषोत्तम, असिस्टेंट कमांडेंट, सुजात सिंह, सब इंस्पेक्टर, उपेंद्र डेका, सब इंस्पेक्टर, पी राजशेखर, सब इंस्पेक्टर, बलविंदर सिंह, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, रघु कुमार, सब इंस्पेक्टर, केशव प्रसाद यादव, हेड कांस्टेबल, वी राजन, हेड कांस्टेबल, धनीराम शर्मा, हेड कांस्टेबल, स्कामिल पुनागला, हेड कांस्टेबल, लीलाधर शर्मा, हेड कांस्टेबल, केसी गुपु कुमार नायर, हेड कांस्टेबल, प्रवन्नु महापुरम, हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह, हेड कांस्टेबल, महानंद तिवारी, हेड कांस्टेबल, युनुस अहमद, हेड कांस्टेबल, राम सिंह, कांस्टेबल
फायर सर्विस सेवा पदक
अरविंद कुमार, इंस्पेक्टर, श्रीचंद, सब इंस्पेक्टर, संतोष कुमार, हेड कांस्टेबल
सराहनीय सेवा पदक अग्निशमन
असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर सुधीर एंग्ले, श्रीनटराजन, हमबीर सिंह, हेड कांस्टेबल