शिकायतों के बावजूद नहीं मिला समाधान, गोकलपुर में पानी की किल्लत से लोग बेहाल
संवाद -
संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। सरकारी योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद यदि ग्रामीणों को पीने का पानी तक नसीब न हो, तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। गोकलपुर गांव में हर घर जल मिशन के तहत रेनिवेल परियोजना की पाइपलाइन तो बिछा दी गई, लेकिन आज तक घरों में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। शनिवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन और जनस्वास्थ्य विभाग के प्रति नाराजगी जताई। ग्रामीण जाहिद एडवोकेट, फकरुद्दीन, तारीफ हुसैन, राहुल, राशिद और आस मोहम्मद ने बताया कि गांव के लोग लंबे समय से रेनिवेल के पानी का इंतजार कर रहे हैं। विभाग ने पाइपलाइन बिछाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली, लेकिन घरों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था आज तक नहीं हो पाई। कई बार अधिकारियों के समक्ष शिकायत रखने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि पानी की किल्लत अब उनके घरेलू बजट पर भी भारी पड़ रही है। मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाने वाले लोगों को एक हजार से 1500 रुपये तक खर्च कर पानी का टैंकर मंगवाना पड़ता है। इसके बाद घरों में बने टैंकों में पानी जमा करके कई दिनों तक गुजारा करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि संकट केवल पीने के पानी तक सीमित नहीं है। पशुओं के लिए भी पानी खरीदना पड़ रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब गांव में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, तो जलापूर्ति शुरू करने में देरी क्यों हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि रेनिवेल लाइन की तकनीकी खामियों को दूर कर जल्द घरों तक पानी पहुंचाया जाए, ताकि उन्हें टैंकरों पर निर्भर न रहना पड़े।
ग्रामीणों की प्रतिक्रिया
गांव में रेनिवेल की लाइन बिछने के बावजूद पानी नहीं आया। कई बार शिकायत कर चुके हैं। विभाग को जल्द समाधान कर ग्रामीणों को राहत देनी चाहिए।
-जाहिद एडवोकेट, ग्रामीण
पानी की किल्लत से गांव के लोग परेशान हैं। एक हजार से 1500 रुपये खर्च कर टैंकर मंगवाना पड़ता है। गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
-फकरुद्दीन, ग्रामीण
पानी की समस्या इंसानों के साथ-साथ पशुओं के लिए भी परेशानी बनी हुई है। सरकार हर घर जल मिशन के तहत जल्द नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करे।
-मुन्फैद, ग्रामीण
गोकलपुर गांव में पेयजल समस्या को देखते हुए विभाग की ओर से गांव के पास ही नया बोर कराया जा रहा है। इसका कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद है। बोर शुरू होने के बाद ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि गांव के लोगों को पानी की समस्या से जल्द राहत मिले।
-वासुदेव राठौड़, कनिष्ठ अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग