दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग ने राजेंद्र प्रसाद मीणा को दक्षिण दिल्ली के डीसीपी के रूप में तैनात करने का निर्णय लिया है, साथ ही यह कहा है कि उन्हें तत्काल प्रभार ग्रहण करने के लिए निर्देशित किया जाएगा।
मीणा वर्तमान में उत्तर पूर्वी दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के तौर पर कार्यरत हैं। मालूम हो कि पिछले दिनों शाहीन बाग में हुई गोलीबारी की घटना के बाद चुनाव आयोग के निर्देश पर दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पूर्व डीसीपी चिन्मय बिस्वाल को हटा दिया गया था।
शाहीन बाग में गोली की घटना के बाद चुनाव आयोगी की एक टीम वहां दौरे के लिए गई थी। दौरे से लौटकर आयोग ने दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पूर्व डीसीपी चिन्मय बिस्वाल को हटाने के निर्देश दिए थे। सूत्रों के मुताबिक, टीम को वहां सुरक्षा इंतजाम नाकाफी मिले थे।
फायरिंग की घटनाओं और सड़क बंद करने को लेकर आयोग की टीम ने नाराजगी जाहिर की थी। इसी के बाद यह कार्रवाई की गई थी। इसके बाद, चिन्मय बिस्वाल को डीसीपी पद से कार्यमुक्त कर दिया गया।