सीईओ ने कहा कि मतदान के लिए मतदाता पहचान पत्र (एपिक कार्ड), आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक/डाकघर की ओर जारी फोटोयुक्त पास बुक, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर के तहत आरजीआई की ओर से जारी स्मार्ट कार्ड, पासपोर्ट सहित 13 तरह के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इनमें फोटो के साथ पेंशन दस्तावेज, सरकार और कंपनियों के कर्मचारियों के सेवा पहचान पत्र, सांसदों, विधायकों की ओर से जारी आधिकारिक पहचान पत्र, विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र भी शामिल है।
सीईओ दिल्ली ने बताया कि मतदान केंद्रों पर सेल्फी बूथ बनाए गए हैं। बूथों पर सेल्फी लेने के बाद इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दूसरे मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रोत्साहित कर सकते हैं। मतदाताओं से एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए सीईओ दिल्ली की वेबसाइट पर जाकर मतदाता प्रतिज्ञा लेने की अपील की।
डॉ. सिंह ने बताया कि स्वतंत्र और निष्पक्ष उपचुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं की कुल संख्या 1,64,698 है। इनमें 92,221 पुरुष जबकि 72,473 महिला और चार थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्र में 591 दिव्यांग, 39 दृष्टिबाधित और 64 सेवा मतदाता हैं। इस बार सूची में 1,899 नए मतदाताओं को शामिल किया गया है। राजेंद्र नगर निर्वाचन क्षेत्र के 21 स्थानों पर कुल 190 मतदान केंद्र हैं।
सीईओ दिल्ली ने बताया कि मतदान के दिन दिव्यांग मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों (80+), गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए मुफ्त पिक एंड ड्रॉप सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल कर सुविधा के लिए अनुरोध कर सकते हैं। इसके लिए ई रिक्शा का उपयोग करने का भी सुझाव दिया गया है।