अलग-अलग हिस्सों में ट्रैफिक रेंगता नजर आया
मौसम विभाग के अधिकारियों ने पहले ही ऐसी संभावना जताई थी, क्योंकि पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ को बताया जा रहा है। आंधी और बौछारें पड़ने से अलग-अलग हिस्सों में ट्रैफिक रेंगता नजर आया। तेज आंधी से एनसीआर के कई इलाकों में बिजली भी गुल हो गई। इस दौरान शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग मानक वेधशाला में 0.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा, बीते 24 घंटे में बारिश ट्रेस हुई। साथ ही, दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान अधिकतम तापमान 35.1 और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 85 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 33 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार, रिज और लोधी रोड में 32.8, आया नगर में 32.5 और पालम में 31.7 अधिकतम पारा दर्ज किया गया।
कल भी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 31 मार्च को भी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में अचानक गरज चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। इस दिन आसमान में बादलों की मौजूदगी बनी रहने का भी अनुमान है। इसके बाद दिल्ली में पहली और दो अप्रैल को मौसम सामान्य रहेगा लेकिन बादल नजर आ सकते हैं। इन दोनों ही तारीखों पर बारिश नहीं होगी। इन दोनों ही दिन तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी। 31 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री तो पहली अप्रैल को 31-33 और दो अप्रैल को 32 से 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद तीन अप्रैल को मौसम बदलने और बारिश के कारण इसमें कमी आने का अनुमान है।
3 और 4 अप्रैल को भी होगी बारिश
मौसम विभाग ने 3 और 4 अप्रैल को दिल्ली में गरज चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। इससे मौसम एकबार फिर सुहावना हो जाएगा। इस दिन दिल्ली में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह यानी तीन अप्रैल तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से आगे नहीं जाएगा।