हवाओं के पूर्वी दिशा में मुड़ने, बादलों की उपलब्धता और नमी के स्तर में बढ़ोतरी इन प्री मानसून गतिविधियों को बढ़ाएंगे। इस कारण से एक मई से चार मई तक मौसम कूल-कूल बना रहेगा। इस दौरान हल्की बारिश, गरज वाले बादल, धूल भरी आंधी, तेज हवाएं चलेंगी। दिन के समय हल्की गर्मी का अहसास होगा और शाम और रात को यह गतिविधियां होंगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री के बीच पहुंच जाएगा। जहां तक बारिश की बात है तो एक मार्च से अब तक 2.5 मिमी बारिश हुई है। जबकि औसतन 12.5 मिमी बारिश होती है। अब अप्रैल को दो दिन शेष है लेकिन इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है। जबकि मई के शुरूआत में हल्की बारिश की संभावना है।
दिल्ली में बीते कई दिनों से अधिकतम तापमान 41 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। बीते शनिवार शाम को चली तेज आंधी के कारण तापमान में गिरावट होनी शुरु हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री कम 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अब 24 घंटे तक अधिकतम तापमान में कोई परिवर्तन की संभावना नहीं है। उसके बाद अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी।
मंगलवार को शाम के समय से आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। जबकि गरज वाले बादल की गतिविधियां रहेगी। 10-20 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलेंगी। एक व दो मई को मौसम की गतिविधियां ज्यादा देखने को मिलेगी। इन दो दिन के लिए मौसम विभाग ने आंधी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हल्की बारिश होगी और 30-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तीन व चार मई को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और 20-30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।