- यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने पलानपुर जंक्शन पर बढ़ाया समय, 20 और 23 अक्तूबर से लागू होंगे नए समय
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर रेलवे ने त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर पलानपुर जंक्शन पर दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव समय में वृद्धि की है। अब दिल्ली सराय रोहिल्ला से बांद्रा टर्मिनल जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस और सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनों का पलानपुर स्टेशन पर ठहराव थोड़ा लंबा रहेगा।
रेलवे के अनुसार, 12215 दिल्ली सराय रोहिल्ला-बांद्रा टर्मिनल गरीब रथ एक्सप्रेस का पलानपुर आगमन समय अब रात 9:25 बजे और प्रस्थान समय 9:30 बजे कर दिया गया है। पहले यह ट्रेन 9:18 बजे पहुंचती थी और 9:20 बजे रवाना होती थी। यह बदलाव 20 अक्तूबर 2025 से लागू होगा। वहीं, 22950 दिल्ली सराय रोहिल्ला-बांद्रा टर्मिनल सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब पलानपुर पर 4:30 बजे पहुंचेगी और 4:35 बजे रवाना होगी। पहले इसका ठहराव मात्र दो मिनट का था। यह नया समय 23 अक्टूबर 2025 से प्रभावी रहेगा। यह परिवर्तन यात्रियों की मांग और स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए किया गया है।