बाहरी जिला के स्पेशल स्टाफ ने मोहाली पंजाब के एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश अपने सहयोगियों के साथ दिल्ली में बड़ी वारदात को अंजाम देने के फिराक में था। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किया है। बदमाश की पहचान प्रिंस उर्फ बॉक्सर के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस ने मोहाली पुलिस को इसकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी है। प्रिंस मोहाली में एक गोलीकांड के मामले में वांछित है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्पेशल स्टाफ में तैनात हवलदार रूपेश को सूचना मिली कि मोहाली का रहने वाला प्रिंस नाम का बदमाश सुल्तानपुरी इलाके में वारदात करने के फिराक में है। वह अपने सहयोगियों से मिलने सुल्तानपुरी इलाके में आने वाला है। निरीक्षक सुखबीर- मलिक के नेतृत्व में टीम सुल्तानपुरी थाने के पास स्टेंड पर घेराबंदी कर दी।
इसी दौरान पूंठकला की ओर से आ रहे एक युवक को देखकर पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पास से एक पिस्टल और कारतूस मिले। जांच में पता चला कि प्रिंस जिरकपुर मोहाली पंजाब का रहने वाला है। पिछले साल मोहाली में हुए एक गोलीकांड में वह शामिल था।
उसके बाद से मोहाली पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। घटना के बाद प्रिंस पंजाब छोड़ दिया था और अपने ठिकाने को लगातार बदल रहा था। पिछले कुछ समय से वह बाहरी दिल्ली में रह रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।