आदर्श नगर इलाके में सड़क पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने कैब चालक जसविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। गोली चलाने वाला कैब चालक का दोस्त है और घटना के समय उसके साथ कैब में था। के रूप में हुई है। पुलिस ने चालक से स्विफ्ट डिजायर कार बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, एक सप्ताह पहले आजादपुर डीटीसी टर्मिनल के पास गोली चलने की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता सियाराम ने पुलिस को बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता है और केला गोदाम शालीमार बाग में रहता है। सड़क पर काफी भीड़ होने से उसका ई-रिक्शा जाम में फंसा था।
उसके पीछे, कैब चालक लगातार आगे जाने के लिए हार्न बजा रहा था। इसी दौरान, कार में बैठा एक युवक बाहर निकला और हवा में गोली चला दी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद आरोपी कार समेत फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से जांच की। शिकायतकर्ता के बताए कार नंबर और फुटेज के आधार पर पुलिस ने सिरसपुर निवासी कार चालक जसविंदर को गिरफ्तार कर लिया। जसविंदर ने बताया कि घटना के दिन उसका एक दोस्त कार में था, जिसने गोलीबारी की थी। जसविंदर पर नरेला थाना इलाके में चोरी और लूटपाट का मामला दर्ज है।