- सांझा मोर्चा ने 25 साल के लिए निजी कंपनी को लाइसेंस देने के फैसले पर उठाए सवाल, सब्सिडी खत्म होने की जताई आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण के लिए निजी कंपनियों को समानांतर लाइसेंस देने के प्रस्ताव के विरोध में हरियाणा रोडवेज कर्मचारी राज्य सांझा मोर्चा शुक्रवार को सभी रोडवेज डिपो पर प्रदर्शन करेगा। गुरुग्राम डिपो में कर्मचारियों की ओर से दो घंटे तक विरोध जताया जाएगा। मोर्चा ने सरकार से बिजली वितरण के निजीकरण का फैसला वापस लेने और बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
सांझा मोर्चा के राज्य प्रधान पवन सहारन, राज्य उपप्रधान संदीप दलाल और गुरुग्राम डिपो के पदाधिकारियों सतेंद्र कादयान, अमित राठी, मनीष दलाल व रविंद्र हुड्डा ने संयुक्त बयान में कहा कि सरकार गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण का काम निजी कंपनी पावर-11 को 25 साल के लिए देने की तैयारी कर रही है। उनका कहना है कि दोनों जिले बिजली राजस्व के लिहाज से लाभ की स्थिति में हैं।
पदाधिकारियों ने सरकार से समानांतर लाइसेंस देने और 25 साल के ठेके की योजना पर पुनर्विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिजली वितरण व्यवस्था को निजी हाथों में सौंपने के बजाय सरकारी बिजली व्यवस्था को मजबूत किया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर शुक्रवार को गुरुग्राम सहित प्रदेश के सभी रोडवेज डिपो में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।