महिला का आरोप है कि आरोपियों ने पीने के पानी में मिलाकर उसे कुछ नशीला पदार्थ दिया, जिसके बाद वह अचेत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने फ्लैट से ही पीसीआर कॉल कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
30 साल की पीड़िता परिवार के साथ बुराड़ी इलाके में रहती है। इसके परिवार में पति व अन्य सदस्य हैं। उसे किराए पर लेने के लिए एक फ्लैट की जरूरत है। वह अपने जानकार जितेंद्र चौधरी नामक प्रॉपर्टी डीलर से फ्लैट दिलवाने के लिए कह रही थी। रविवार को जितेंद्र ने कॉल कर पीड़िता को फ्लैट दिखाने के लिए बुराड़ी में बुलाया। पीड़िता वहां पहुंची तो आरोपी जितेंद्र उसे एक खाली फ्लैट दिखाने ले गया। उसके साथ एक अनजान व्यक्ति भी था। जितेंद्र ने पीड़िता को पीने के लिए पानी दिया। इसके बाद वह अचेत हो गई। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ वारदात को अंजाम दिया। बाद में दोनों वहां से फरार हो गए।
होश आने पर उसने पीसीआर कॉल की। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंच गई। महिला का मेडिकल कराया गया। बाद में महिला आयोग की काउंसलर से काउंसलिंग कराने के बाद पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी जितेंद्र और उसका साथी फरार है। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।