गुरुग्राम के भोंडसी जेल से एक कैदी के फरार होने की जानकारी सामने आई है। दुष्कर्म के आरोप में सजा काट रहे विचाराधीन कैदी ने जेल की सुरक्षा में सेंध लगा दी है। जानकारी के मुताबिक कैदी कूड़े की गाड़ी में छिपकर फरार हुआ है। जेल प्रशासन ने बताया कि कैदी को 15 सितंबर को ही जेल में लाया गया था और शुक्रवार को दोपहर करीब 1 बजे कूड़े की गाड़ी में छिपकर फरार हो गया।
इस मामले में भोंडसी थाने में केस दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता के मद्देनजर 6 जेल कर्मियों के खिलाफ भोंडसी थाने में मामला दर्ज कर उन्हें निलंबित करने की सिफारिश जेलर की ओर से की गई है।
जेल से फरार कैदी का नाम अमित है और वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। कैदी बैरक नंबर 3 में बंद था। आरोपी अमित के खिलाफ गुरुग्राम के सेक्टर 37 थाने में महिला से दुष्कर्म और अनुसूचित जाति-जनजाति (SC/ST) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।