2001 में हुए संसद हमले में शहीद की नाबालिग बेटी को अगवा कर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी युवक को पुलिस ने शुक्रवार को मेट्रो स्टेशन के पास गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने किशोरी को वैशाली की एक सोसायटी से बरामद कर लिया है।
आठ महीने पहले हुए इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट और डीजीपी उत्तर प्रदेश ने थाना इंदिरापुरम के जांच अधिकारी को तलब किया था। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
इंदिरापुरम एसएचओ सचिन मलिक ने बताया कि 26 जनवरी को पड़ोस में रहने वाला एक युवक वैशाली सेक्टर-6 में रहने वाली किशोरी (16) को बहला-फुसलाकर ले गया और रेप किया। तब वह दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में पढ़ती थी।
इसकी शिकायत किशोरी की मां ने पुलिस से की थी। पुलिस ने तब कोई कार्रवाई नहीं की तो परिजनों ने हाईकोर्ट में रिट दायर की थी। कोर्ट ने दो अगस्त को इंदिरापुरम पुलिस को तलब किया था। परिजनों ने यूपी के डीजीपी को भी पत्र लिखा था। डीजीपी ने केस की विवेचना कर रहे निरीक्षक को 14 अगस्त को लखनऊ तलब किया था।
इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में आरोपी युवक की पहचान यश राय के रूप में हुई। पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली कि यश मेट्रो स्टेशन के पास है। पुलिस ने घेराबंदी कर यश को दबोच लिया। वह किशोरी को लेकर भारत के अलग अलग प्रदेशों में कई माह तक छिपकर रहता रहा। एसएचओ ने बताया कि युवक शातिर अपराधी है और इससे पहले भी पुलिस के दो सिपाहियों की हत्या के आरोप में जेल जा चुका है। वह किशोरी के घर के पास ही किराए के मकान में रहता था।