पीएम की सुरक्षा के मद्दे नजर तीन दिन पहले ही यहां पर अस्थायी चौकी बना दी गई है। कई एसपी स्तर के अधिकारियों के अलावा डेढ़ हजार से अधिक जवान सुरक्षा व्यवस्था में लगाए जाएंगे। एनएसजी के अधिकारी दो दिन से लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर निगाह रखे हुए हैं।
इसके बावजूद बृहस्पतिवार को ताबड़तोड़ तीन लूटें हुईं। कहीं ब्रिगेडियर के बेटे से कार छीनी गई, तो कहीं बाइक सवारों ने गनप्वाइंट पर एक इंश्योरेंसकर्मी को लूट लिया। ऐसे में सवाल यहीं है कि क्या ग्रेटर नोएडा प्रशासन प्रधानमंत्री का स्वागत ऐसे ही करेगा।
ब्रिगेडियर के बेटे को पीटकर कार छीन ली
कासना कोतवाली क्षेत्र के पीथ्री सेक्टर के पास स्टीम कार सवार बदमाशों ने एक छात्र के साथ मारपीट करके उससे स्विफ्ट कार लूट ली। घायल छात्र आम्रपाली अस्पताल में भर्ती है। पीड़ित छात्र को एक ब्रिगेडियर का बेटा बताया जा रहा है।
एचएस फौजदार सेना में ब्रिगेडियर हैं। उनका परिवार ग्रेनो के एडब्ल्यूएचओ सोसायटी में रहता है। उनका बेटा आकाश चंडीगढ़ से लॉ कर रहा है। आकाश अभी अपने घर आया हुआ है और बृहस्पतिवार को किसी काम से नोएडा गया था। पीथ्री सेक्टर की ओर अपनी मारुति स्विफ्ट कार को लेकर चला तो स्टीम कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया और तमंचों के बल पर गाड़ी लूट ली। विरोध करने पर छात्र को डंडे और हॉकी से मारपीट कर घायल कर दिया गाड़ी लेकर फरार हो गए।
लिफ्ट के लिए रोकवाई कार, लेकर फरार
रबूपुरा पुलिस ने बुधवार रात लूटी हुई कार के साथ तीन बदमाशों को तमंचा और चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। हालांकि लूट में शामिल रही युवती को पुलिस अभी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। बदमाशों द्वारा कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाया जा रहा था।
एसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि चार जनवरी को बदमाश जीरो प्वाइंट से लिफ्ट लेकर कैब चालक जहांगीरपुर, बुलंदशहर निवासी देबू को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर ईको कार लूटकर फरार हो गए थे। बुधवार रात रबूपुरा-झाझर मार्ग पर पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने पीछा किया और कार में सवार लोगों को दबोच लिया।
पुलिस का लोगो लगाकर शराब तस्करी
जिला आबकारी अधिकारी की टीम ने बृहस्पतिवार को स्वर्ण नगरी में दबिश देकर दो लोगों को गिरफ्तार कर 22 पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद की है।
आबकारी अधिकारी कुलदीप यादव ने बताया कि सेंट्रो और एसेंट कार में पुलिस का लोगो लगाकर हरियाणा से शराब तस्करी कर गौतम बुद्ध नगर के गांवों में सप्लाई करते थे। कुलदीप यादव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर मौके से अर्जुन और राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मकान मालिक मनोज फरार है।
PM के लिए तैनात होंगे 1500 जवान, पर क्यों?
एक्सपो मार्ट में 12 जनवरी को प्रधानमंत्री के आगमन होगा। इस पर एनएसजी के अधिकारी दो दिन से लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर निगाह रखे हुए हैं। गौरतलब है कि 12 जनवरी से एक्सपो मार्ट में पेट्रो मीट शुरू होने जा रही है। जिसमें विभिन्न देशों के पेट्रोलियम मंत्रियों के अलावा राजदूत भी हिस्सा ले रहे हैं। एसएसपी डॉ. प्रीतेंदर सिंह ने बताया कि 12 जनवरी को प्रधानमंत्री पेट्रो मीट का उद्घाटन करेंगे।
इससे पहले ही सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद करना शुरू कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को एक अस्थायी चौकी एक्सपो मार्ट में बना दी गई है। पीएम की सुरक्षा व्यवस्था के लिए चार एसपी, आठ एएसपी, 21 डीएसपी, 50 इंस्पेक्टर, 200 सबइंस्पेक्टर, 800 सिपाही, पांच कंपनी पीएसी और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों समेत डेढ़ हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।