सीएसआर फंड का होगा इस्तेमाल
बैठक के दौरान दिल्ली सरकार द्वारा शहर भर में किए जा रहे सडकों के सौंदर्यीकरण में सीआईआई के सीएसआर फंड के इस्तेमाल पर भी चर्चा हुई। सीआईआई ने सड़कों के सौंदर्यीकरण में फंड से सहयोग देने का प्रस्ताव दिया। सीआईआई ने बताया कि दिल्ली के करोलबाग में सौंदर्यीकरण किया गया है। मियावाकी पद्धति के तहत 500 वर्ग मीटर एरिया में करीब 2200 पौधे लगाए गए हैं और अब इन पौधों ने बड़े होकर जंगल का स्वरूप ले लिया है।
रोजगार के अवसर होंगे मुहैया
इस दौरान रोजगार बजट के लक्ष्य को पूरा करने के लिए युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर मुहैया कराने पर भी चर्चा हुई। केजरीवाल ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार का अवसर पैदा कर रहे हैं। सरकार अधिक से अधिक युवाओं को प्लेसमेंट देने पर बल दे रही है। युवाओं को प्लेसमेंट ट्रेनिंग देकर सीआईआई भी मदद कर सकती है।
शॉपिंग फेस्टिवल का होगा आयोजन
सीआईआई ने दिल्ली में एक टूरिज्म फेस्टिवल के आयोजन का भी प्रस्ताव रखा। इस पर केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार इंडस्ट्री और मार्केट के साथ मिलकर एक बड़ा फेस्टिवल करना चाहती है। दुबई शॉपिंग फेस्टिवल की तरह दिल्ली में भी एक बड़ा फेस्टिवल किया जाएगा। इस संबंध में दिल्ली सरकार ने बड़े स्तर पर प्लान बना लिया है। जिसके तहत लोग दिल्ली की संस्कृति और फूड का आनंद ले सकेंगे।