- दयालपुर इलाके की घटना, पुलिस और एसडीएम मामले की कर रहे हैं छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दयालपुर इलाके में एक गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में चौथी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। उसकी पहचान शमीना (26) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। मामले की जांच एसडीएम को सौंप दी गई है।
उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि सोमवार को दयालपुर थाना पुलिस को जग प्रवेश चंद अस्पताल से 26 साल की महिला के भर्ती होने की सूचना मिली। महिला को ऊंचाई से गिरने के कारण चोटें आई थीं। महिला को उसका पति अस्पताल लेकर आया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शमीना की फरवरी में मुस्तफाबाद निवासी रिजवान से प्रेम विवाह हुआ था। सोमवार को चौथी मंजिल से गिरने के बाद मकान मालिक का बेटा उसे घर के अंदर ले गया और रिजवान को घटना की जानकारी दी। रिजवान एक निजी कंपनी में काम करता है। शमीना का मायका इसी इलाके में है। पुलिस शमीना के परिवार वालों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।