शिक्षा व्यवस्था पर माफिया के कब्जे का आरोप लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विभिन्न प्रतियोगी और शैक्षणिक परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एक के बाद एक परीक्षाओं में सामने आ रही समस्याएं युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इससे शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा कि नीट, सीबीएसई 12वीं और एसएससी जीडी परीक्षाओं के बाद अब बीटेक परीक्षा में भी गड़बड़ियों की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कई स्थानों से सर्वर खराब होने, परीक्षा केंद्रों पर क्षमता से अधिक अभ्यर्थियों को बुलाने और परीक्षा संचालन में अव्यवस्था की शिकायतें मिली हैं।
केजरीवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि देश में किस तरह की सरकार है जो एक पेपर ठीक से नहीं करा पा रही? आम आदमी पार्टी के नेता ने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था पर माफिया का कब्जा हो चुका है और करोड़ों छात्रों तथा युवाओं के भविष्य का सौदा किया जा रहा है।