आप के दफ्तर के बाहर लगाए गए थे पोस्टर।
- फोटो : सोशल मीडिया
आम आदमी पार्टी में इन दिनों कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। कपिल मिश्रा मंत्री पद से हटाए जाने के बाद से केजरीवाल पर हर दिन कोई ना कोई आरोप लगा रहे हैं। वहीं, कुमार विश्वास और आप के निलंबित विधायक अमानातुल्लाह खान के बीच पोस्टर वार चल रहा है। ये पोस्टर आप के दफ्तर के बाहर लगाए गए थे, जिसे बाद में कार्यकर्ताओं ने फाड़कर हटा दिए।
कुमार विश्वास लंबे वक्त बाद शनिवार को पार्टी दफ्तर में राजस्थान इकाई की बैठक लेने पहुंचे लेकिन तड़के कार्यालय की दीवारों पर उनके धुर विरोधी विधायक अमानतुल्लाह के समर्थन में पोस्टर चिपका दिए गए। पोस्टर में अमानतुल्लाह को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पसंदीदा विधायक बताया गया था।
केजरीवाल को जौहरी और अमानतुल्लाह को हीरे के तौर पर पेश किया गया था। इसकी वजह अमानतुल्लाह को विधानसभा की कई कमेटियों में जगह मिलने की बात कही गई थी।
हालांकि, विश्वास के दफ्तर पहुंचने से कुछ देर पहले पार्टी कार्यकर्ताओं ने सारे पोस्टर फाड़कर हटा दिए। पार्टी दफ्तर पहुंचने पर मीडिया के इस सवाल पर विश्वास ने कहा कि न वह जौहरी हैं, न हीरा। इस सवाल का जवाब या तो हीरे से पूछो या जौहरी से।