यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रख रेलवे ने कई रूट पर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इस पहल से यात्रियों की राह आसान होने के साथ रेलवे की कमाई भी बढ़ रही है। ऐसा इसलिए भी है कि स्पेशल ट्रेन में अन्य ट्रेनों के मुकाबले यात्रा किराया भी अधिक वसूला जा रहा है।
कोरोना के संक्रमण को ध्यान में रख रेलवे ने सभी को आरक्षित सीट देने की नीति के तहत प्रतिदिन स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा कर रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जिस रूट पर भी यात्रियों की संख्या बढ़ेगी उस रूट पर स्पेशल ट्रेन के साथ क्लोन ट्रेन भी चलाई जाएगी। इसके ही देखते हुए रेलवे ने 30 नवंबर तक आनंद विहार-भागपुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
इसके अलावा नई दिल्ली-दरभंगा के बीच 26 नवंबर तक बरास्ता मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, बाराबंकी, गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन चलेगी। इसी तरह नई दिल्ली-जयनगर के बीच स्पेशल ट्रेन मुसाफिरों की राह आसान करने के लिए चलेगी।
यह ट्रेन मार्ग में मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, पनियहवा, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा और मधुबनी चलेगी। नई दिल्ली-पटना-नई दिल्ली सुपर फास्ट स्पेशल 29 नवंबर तक चलेगी तो रविवार से दिल्ली जंक्शन-सहरसा-दिल्ली जंक्शन द्वि-साप्ताहिक सुपर फास्ट स्पेशल चलेगी। इसके अलावा वाराणसी-जम्मूतवी-वाराणसी, दिल्ली जंक्शन-देहरादून-दिल्ली जंक्शन, लखनऊ-चंडीगढ़-लखनऊ, दिल्ली जंक्शन-बठिंडा-दिल्ली जंक्शन, श्रीगंगानगर-दिल्ली जंक्शन-श्रीगंगानगर स्पेशल, अजमेर-अमृतसर-अजमेर, जबलपुर-हरिद्वार-जबलपुर सुपर फास्ट एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन भी यात्रियों की राह आसान कर रही है।