32 पराक्रम वैन
विदेशी मेहमानों से जुड़े हर स्थल पर लगभग एक पराक्रम वैन को तैनात किया जाएगा। कुल 32 वैन तैनात रहेंगी। इन वैन पर विशेष कमांडो ट्रेनिंग प्राप्त किए जवान एके-47 से लेकर दूसरे आधुनिक हथियारों से लैस रहेंगे। पराक्रम दस्ते की ताकत को बढ़ाने के लिए अधिकारियों ने इन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण दिया है, जो पलक झपकते ही किसी भी आतंकी का काम तमाम कर देंगे।
400 पीसीआर और 100 क्यूआरटी वैन
दिल्ली में जहां-जहां से भी विदेशी मेहमान गुजरेंगे, वहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती रहेगी। इन रूटों पर 400 पीसीआर वैन के अलावा 100 क्यूआरटी वैन को तैनात करने का फैसला किया गया है। इन वैन पर तैनात जवान एमपी-5 गन के अलावा ग्लॉक पिस्टल से लैस रहेंगे। इन्हें भी जी-20 के लिए विशेष ट्रेनिंग दी गई है।
15 महिला पीसीआर वैन
दिल्ली पुलिस की महिला पीसीआर वैन को जी-20 के दौरान तैनात किया जाएगा। आयोजन के दौरान अलग-अलग रूटों पर 15 पीसीआर वैन तैनात रहेंगी। इन पीसीआर वैन पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को कमांडो ट्रेनिंग से लेकर अंग्रेजी बोलने की ट्रेनिंग भी दी गई है। इन्हें हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार किया गया है।
20 टूरिस्ट वैन
किसी वजह से विदेशी मेहमानों को कोई दिक्कत होती है तो उनकी मदद के लिए दिल्ली पुलिस अलग-अलग रूटों पर 20 टूरिस्ट पीसीआर वैन भी तैनात करेगी। कोई मेहमान यदि इनसे दिल्ली या दिल्ली के किसी स्थान के बारे में पूछेंगे तो पीसीआर वैन पर तैनात स्टाफ उनका जवाब देने में सक्षम होगा।
किसी भी इमरजेंसी से निपट सकेंगे
पीसीआर वैन पर तैनात स्टाफ को किसी भी इमरजेंसी से निपटने की पूरी ट्रेनिंग दी गई है। आग लगने की स्थिति में उस पर काबू पाने, घायलों को फर्स्ट एड देने, विभिन्न रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देने से लेकर तमाम तरह की ट्रेनिंग स्टाफ को दी गई है। पीसीआर वैन में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी सामान मौजूद रहेगा।