संवेदनशील जिलों में शुमार गाजियाबाद की पुलिस दंगाइयों से निपटने के लिए फुलप्रूफ हो चुकी है। गाजियाबाद पुलिस को 573 मिर्ची बम, 300 12 बोर के पंप एक्शन गन और 12 रायट गन मिली हैं।
अभी तक पुलिस दंगाइयों को रोकने केलिए वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल करती थी। दंगा होने पर अब पहली बार मिर्ची बम का इस्तेमाल करेगी।
इससे हाथ-पैर तो नहीं टूटेंगे, मगर आंखों में तेज जलन और आंसुओं की वजह से दंगाई कुछ ही देर में भागने पर मजबूर हो जाएंगे।
पुलिस एक्सपर्ट ने बताया कि मिर्ची बम से निकलने वाली गैस में मिर्च को जलाने पर होने वाली गंध जैसी वातावरण में फैल जाती है। इससे तेज खांसी आती है, आंखों में जलन हो जाती है, आंसू निकलने लगते हैं।
कुछ देर केलिए व्यक्ति को लगता है कि उसे कुछ नजर नहीं आ रहा। इस हालत में पुलिस आसानी से दंगाइयों को पकड़ सकेगी।
आरआई परमानंद पांडे ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस के बेडे़ में मिर्ची बम, पंप एक्शन गन और रायट गन भी शामिल हो चुकेहैं। कुछ और असलहे भी मिल सकते हैं।
बता दें कि हाल ही में गाजियाबाद पुलिस ने दो ड्रोन खरीदे थे। ड्रोन की मदद भी पुलिस दंगा नियंत्रण में लेगी। हालांकि अभी ड्रोन का प्रजेंटेशन होना बाकी है। ड्रोन पुलिस लाइंस में रखे हुए हैं।