मोदीनगर और मुरादनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग-58 अत्यधिक क्षतिग्रस्त है, लिहाजा यहां जाम लगा रहता है। जाम से बचना है तो वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करें।
ट्रैफिक पुलिस ने सलाह दी है कि देहरादून, हरिद्वार, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर से गाजियाबाद और दिल्ली जाने वाले वाया हापुड़ एनएच-24 से आएं और जाएं।
इसी तरह दिल्ली से गाजियाबाद होते हुए देहरादून, हरिद्वार, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जाने वाले भी इसी रूट का इस्तेमाल करें तो बेहतर रहेगा।
एसपी ट्रैफिक अमर सिंह यादव ने बताया कि एनएच-58 पर कोई रूट डायवर्जन नहीं किया गया है, यह महज लोगों को सलाह दी गई है, ताकि वे जाम से बच सकें। क्योंकि मोदीनगर और मुरादनगर में एनएच-58 अत्यधिक क्षतिग्रस्त है।
इसके अलावा मोदीनगर में नाले के निर्माण कार्य के कारण वहां जाम की समस्या रहती है। हालांकि जानकारों का कहना है कि ऐेसा करने पर लोगों को करीब 15 किलोमीटर का फेर पड़ेगा।
उनका न सिर्फ सफर लंबा होगा, बल्कि पेट्रोल-डीजल का खर्च भी ज्यादा होगा। बता दें कि एनएच-58 को गड्ढा मुक्त करने के लिए 20 करोड़ रुपये जारी हो गए हैं। जल्द ही हाईवे की टूटी सड़क सुधार दी जाएगी। यह जानकारी रविवार को सांसद सत्यपाल सिंह ने दी थी।