सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले में उनके पति और कांग्रेस नेता शशि थरूर से विशेष जांच दल (एसआईटी) ने सोमवार रात को करीब चार घंटे तक पूछताछ की थी। एसआईटी के एक सदस्य ने बताया कि इस दौरान वह बहुत ज्यादा परेशान दिखे और बार-बार पानी पीते रहे।
एसआईटी सदस्यों का कहना है कि उनसे इसी हफ्ते दोबारा पूछताछ की जा सकती है। एसआईटी ने सोमवार रात करीब आठ बजे कांग्रेस नेता थरूर को बुलाया था और रात करीब 12 बजे तक पूछताछ हुई।
इसके बाद वसंत विहार स्थित वाहन चोरी निरोधक दस्ते (एएटीएस) के कार्यालय से जब थरूर अपनी कार से निकले तो वह पूरी तरह शांत दिखे और मीडिया से बात नहीं की। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उनसे ज्यादा सवाल नहीं किए गए थे।
हालांकि आईपीएल विवाद को लेकर उनसे कुछ सवाल पूछे गए। थरूर ने माना कि उनकी शादीशुदा जिंदगी ठीक नहीं थी। झगड़े की कोई खास वजह नहीं थी, परिवार में कोई न कोई झगड़ा हो ही जाता है। बताया जा रहा है कि होटल के कमरे में नींद की गोलियां मिलने को लेकर उनसे कोई सवाल नहीं किया गया।