कोविड नियमों का पालन नहीं करने पर चालान काटता पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली पुलिस ने लॉकडाउन के शुरूआती 25 दिन में 11 करोड़ रुपये से ज्यादा के चालान किए हैं। दिल्ली पुलिस ने 19 अप्रैल से लेकर 13 मई तक कुल 114483827 रुपये के चालान किए हैं। पुलिस ने इस अवधि में 4536 लोगों को गिरफ्तार भी किया है। दिल्ली पुलिस अधिकारियों का मानना है कि दिल्ली पुलिस ने लॉकडाउन में कोविड-19 नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने 19 अप्रैल से लेकर 13 मई तक मास्क नहीं पहनने वाले 51878, सामाजिक दूरी का पालन नहीं करने वाले 8223 और भारी संख्या में एक जगह एकत्रित होने पर 391 लोगों का चालान किया है।
सार्वजनिक जगह पर थूकने वाले 57 और पब्लिक प्लेस पर शराब का सेवन व पान मसाला खाने पर 65 लोगों का चालान किया गया। उन्होंने बताया कि इस अवधि में 4536 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 5174 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
दिल्ली पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि लॉक डाउन के शुरूआती 25 दिनों में 204673 लोगों के खिलाफ दिल्ली पुलिस एक्ट 65 और 14446 लोगों के खिलाफ 66 दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की। इसके अलावा सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने पर 6125 लोगों के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 188 के तहत कार्रवाई की गई।