दिल्ली में बीते कुछ दिनों से कोरोना के नए मामलों में उत्साहजनक कमी आई है। शुक्रवार को जहां कोरोना के नए मामले 9000 से कम थे वहीं शनिवार को दिल्ली में कोरोना के 6430 नए मामले सामने आए हैं। यही नहीं इस दौरान संक्रमण दर भी 11.32 प्रतिशत पर पहुंच चुकी है।
हालांकि बात अगर टेस्टिंग की करें तो बीते 24 घंटे में सिर्फ 56811 टेस्ट ही हुए हैं जो 14 अप्रैल की संख्या का लगभग आधा है। इन टेस्ट में 46774 टेस्ट आरटीपीसीआर हुए तो 10037 एंटीजन टेस्ट हुए। चिंता की सबसे बड़ी बात ये है कि राजधानी में मौतों की संख्या कम नहीं हो रही है। बीते एक दिन में 337 लोगों की कोरोना से जान चली गई।
बात अगर अस्पताल में बेड्स की करें तो इस वक्त 16795 बेड भरे हैं और 7223 बेड खाली हैं। डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर में 5586 बेड खाली हैं और डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर में 547 बेड खाली हैं। वहीं इस वक्त दिल्ली में होम आईसोलेशन में 42,484 मरीज हैं।
अगर टीके की बात करें तो बीते चौबीस घंटे में दिल्ली में सिर्फ 5324 टीके ही लगे। इसका कारण बताया गया है कि सरकारी छुट्टी होने के कारण टीकाकरण केंद्र बंद रहे थे।
दिल्ली में शुरू हुआ ऑक्सीजन कंसंट्रेटर बैंक
मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन ब्रीफिंग में कहा कि सरकार ने होम आईसोलेशन में रह रहे और ऑक्सीजन की आवश्यकता वाले मरीजों के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर बैंक शुरू किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के 11 जिलों में प्रत्येक को 200 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दिए जाएंगे और डॉक्टरों की सलाह पर होम आईसोलेशन में रह रहे मरीजों को ये उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कोविड-19 के इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी पाने वाले लोगों को भी डॉक्टरों की सलाह पर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मामले और संक्रमण दर कम होंगे तथा इस संक्रमण का प्रसार रुक जाएगा।
उन्होंने दिल्ली में पिछले 15 दिनों में आईसीयू के 1,000 बिस्तर तैयार करने के लिए डॉक्टरों तथा इंजीनियरों की भी प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने दुनिया के सामने एक मिसाल पेश की है।