जुनैद हत्याकांड में आरोपियों तक पहुंचने के लिए जीआरपी हाथपांव मारने में लगी हुई है। पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच करने में लगी है। सूत्रों के मुताबिक, जीआरपी अब कोसी से एक मुस्लिम युवक को सहयोग के लिए लेकर आई है।
सूत्रों का कहना है कि यह मुस्लिम युवक 22 जून को उसी ट्रेन के उस डिब्बे में ही था, जहां जुनैद व अन्य तीन पर चाकुओं से हमला किया गया था। यह युवक उस विवाद के दौरान डिब्बे में हिंदू-मुस्लिम झगड़े के शोर मचने के बाद एक कोने में सीट पर नजर नीचे करके बैठ गया था और पलवल में ट्रेन जैसे ही रुकी ट्रेन से उतरकर डरते हुए एक साइड से निकल गया था।
अब जीआरपी को जैसे ही इस मुस्लिम युवक के बारे में जानकारी मिली तो पुलिस की एक टीम कोसी उसके घर जा पहुंची और उक्त युवक मनिया से जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन डर के कारण वह कुछ नहीं बता पा रहा है।
सूत्र बताते हैं कि जीआरपी मनिया के परिजनों व आसपास के लोगों से प्रार्थना कर इस मामले में सहयोग करने की अपील कर मनिया को अपने साथ बल्लभगढ़ लेकर आई है ताकि हिरासत में लिए गए कुछ लोगों की शिनाख्त कराई जा सके। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में सात-आठ लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।