शनिवार को लॉकडाउन फेल होते देख रविवार को दिल्ली पुलिस सख्त हो गई। पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने खुद कमान संभाली और वायरलेस पर अधीनस्थों को सख्त मैसेज दिया कि जो जहां है, उसे वहीं रोक लिया जाए। डीटीसी की बसों को भी रोककर उन्हें डिपो पहुंचाएं। कोई भी दिल्ली से बाहर न जाए।
साथ ही, उन्होंने सीनियर पुलिस अधिकारियों से इलाकों में उतरने के साथ-साथ पेट्रोलिंग बढ़ाने का कहा। उन्होंने कहा कि किसी को भी घर से बाहर न निकलने दिया जाए। इस आदेश का असर भी दिखा और रविवार को लॉकडाउन का ठीक से पालन हुआ।
दिल्ली में शनिवार को आनंद विहार और अन्य बस अड्डों व बॉर्डरों पर यूपी व बिहार जाने वाले हजारों लोग एकत्र हो गए थे। इससे लॉकडाउन पूरी तरह फेल हो गया था। इसे देखते हुए पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने रविवार सुबह वायरलेस पर मेसेज दिया कि जो लोग यूपी के तरफ जा रहे हैं और दिल्ली में मूवमेंट कर रहे हैं, उन्हें रोकना है। किसी को भी घर से बाहर नहीं निकलने देना है। पिकेट चेकिंग बढ़ाई जाए।
उन्होंने कहा कि चेकिंग के लिए अर्धसैनिक बलों को भी इस्तेमाल करना है। रेलवे व मेट्रो से कोई मूवमेंट नहीं होनी चाहिए। जो लोग रेलवे ट्रैक पर मूवमेंट कर रहे हैं, उन्हें भी रोकना है। सभी थानाध्यक्ष, एसीपी व जिला डीसीपी एरिया में उतरेंगे। सभी पेट्रोलिंग करेंगे। पुलिस की सभी गाड़ियों को पेट्रोलिंग में उतारना है। एनाउस किया जाएगा कि सरकार सभी का ध्यान रखेगी। किसी को घर से बाहर नहीं निकलना है। मजदूरों को बताएं कि वे जहां भी जाएंगे, उससे कोरोना बढ़ेगा। जो नहीं मानेगा उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
आम लोगों के लिए नहीं चलेंगी डीटीसी बसें
डीटीसी की कोई बस न तो दिल्ली में चलेगी और न ही दिल्ली से बाहर जाएगी। पुलिस आयुक्त ने कहा कि जो बस जहां है, उसे वहीं रोका जाए। प्राइवेट वाहनों से कोई दिल्ली से बाहर न जाए। सभी को रोकना है। लोगों के सामने इस बात की घोषणा करें कि अफवाहों पर ध्यान न दें। बसें जाने का माध्यम नहीं हैं। कोई बाहर घूमता मिले तो उसके खिलाफ तुरंत मामला दर्ज किया जाए।