दक्षिण दिल्ली की लोदी कॉलोनी में 26 नवंबर को महिला जिम ट्रेनर से हुई लूट की गुत्थी सुलझाने का दावा दक्षिण जिला पुलिस ने किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी इमरान उर्फ सुहैब उर्फ समीर (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले से 22 मामले दर्ज है।
पुलिस इसे मकोका में गिरफ्तार कर चुकी है। इसकी गिरफ्तारी से लूट के पांच मामले सुलझे हैं। पुलिस ने 16 किलोमीटर एरिया में लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपी को दबोचा है। आरोपी भजनपुरा थाने का घोषित बदमाश है।
पुलिस ने इसके पास से लूटी गई चेन, चोरी की स्कूटी, बाइक और एक खिलौना पिस्टल बरामद की है। लूट के दौरान आरोपी ने इसी खिलौना पिस्टल का इस्तेमाल किया था। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
दक्षिण जिला की पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि शिकायत के बाद स्थानीय पुलिस के अलावा एएटीएस ने भी जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई। पुलिस ने 16 किलोमीटर एरिया में करीब 250 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। बाइक के नंबर से उसके चोरी के होने का पता चला। छानबीन के बाद आरोपी की पहचान इमरान उर्फ सुहैब के रूप में हुई। आरोपी हाल में एक मामले में जेल से छुटकर आया था। जेल से आने के बाद वह लगातार लूटपाट की वारदात को अंजाम दे रहा था।