न्यू उस्मानपुर थाना इलाके के एक घोषित बदमाश को पकड़ने पर बदमाश के भाई ने चौकी पर हंगामा किया और हवलदार के साथ मारपीट करने के बाद उन्हें चाकू मारकर घायल कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी अपने भाई को छुड़ाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और शनिवार को फरार हुए बदमाश को यमुना खादर में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी है। बदमाश की पहचान आदिल के रूप में हुई है। पुलिस आदिल के भाई व अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि न्यू उस्मानपुर थाने में तैनात हवलदार आजाद अख्तर शुक्रवार रात इलाके में गश्त कर रहे थे। उन्होंने इलाके के घोषित बदमाश आदिल को देखा। पुलिस उसे पूछताछ के लिए चौकी में लेकर आ गई। थोड़ी देर बाद आदिल का भाई बावला भी कुछ महिलाओं को साथ चौकी पहुंच गया। बावला भी इलाके का घोषित बदमाश है।
बावला ने अन्य लोगों के साथ हवलदार पर हमला कर दिया। उनकी वर्दी फाड़ दी। इसी दौरान आदिल ने धारदार हथियार से आजाद की सीने पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। घायल हवलदार को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। न्यू उस्मानपुर थाने में हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया।
जिला स्पेशल सेल की टीम घटना में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू की। निरीक्षक धीरज की टीम को यमुना खादर के इलाके में आदिल के छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने तीसरा पुश्ता स्थित यमुना खादर के जंगलों में उसे घेर लिया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। एक गोली बदमाश के पैर में लगी। पुलिस ने आदिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आदिल पर हत्या का प्रयास, लूट, उगाही, आर्म्स एक्ट और जुआ अधिनियम समेत 27 मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।