भलस्वा डेयरी इलाके में घर के बाहर ऑटो खड़ा करने के विवाद में पड़ोसी शख्स ने ऑटो चालक के खिलाफ पुलिस को झूठी सूचना दे दी। आरोपी ने बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त के ट्विटर हैंडल पर टैग करते हुए बताया कि ऑटो चालक हथियार और गोला बारूद लेकर प्रगति मैदान जा रहा है। पुलिस ऑटो नंबर के जरिए चालक के घर पर पहुंची, जिसके बाद साजिश का खुलासा हुआ।
पुलिस ने ट्वीट करने के वाले आरोपी कुलदीप साह (21) के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। झूठी शिकायत में आरोपी ने ऑटो के नंबर के साथ चालक का फोटो भी अपलोड किया था। ट्वीट को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ऑटो नंबर के जरिए एसएसएन पार्क इलाके में गुरमीत सिंह के घर पर पहुंची। वहां पर ऑटो चालक हरचरण सिंह मिला। पुलिस ने ऑटो की तलाशी ली, उसमें विस्फोटक न मिलने चालक को ट्वीटर पर मिली सूचना के बारे में बताया।
इस ऑटो चालक गुरमीत ने बताया कि सूचना झूठी है और उसके पड़ोसी कुलदीप ने उससे ऑटो पार्क करने के विवाद में यह हरकत की है। वह पहले भी सबक सिखाने की धमकी दे चुका है। इसके बाद पुलिस ने जांच कर कुलदीप साह को पकड़ लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुलदीप शाह ने जी-20 शिखर सम्मेलन के बीच इस तरह की अफवाह भरी पोस्ट की है। उसके खिलाफ संबंधित धारा में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।