फतेहपुरी बेरी थाना क्षेत्र के गदईपुर इलाके में स्थित एक फार्महाउस के स्विमिंग पूल में डूबने से दो वर्ष के बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा फार्महाउस में खेल रहा था। वहीं, फतेहपुर बेरी थाना पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया मृतक दिव्यांश के पिता संदीप गदईपुर स्थित एक फार्महाउस की देखरेख का काम करते हैं। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि छह सितंबर की रात को सूचना मिली थी कि दिव्यांश स्वीमिंग पूल में डूब गया है, जिसे इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं, सात सितंबर को बच्चे की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मृतक बच्चे के पिता संदीप का बयान रिकॉर्ड किया है।
संदीप ने अपने बयानों में कहा है कि वह गदईपुर के फार्म संख्या 10 स्थित एक घर की देखरेख का काम करते हैं। वह फार्महाउस में ही परिवार के साथ रहते हैं। उसी फार्महाउस में एक स्वीमिंग पूल है। वह छह सितंबर को सुबह करीब 10 बजे वह फार्म परिसर स्थित पार्क में अपने साथियों के साथ काम कर रहे थे। वहां उनका बेटा दिव्यांश वहां खेल रहा था। कुछ देर बाद उनका बेटा वहां नहीं दिखाई दिया। इसके बाद बच्चा स्वीमिंग पूल में मिला। आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए एम्स लाया गया, जहां इलाज के दौरान सात सितंबर को चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार यानी आठ सितंबर शाम तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया था।