माधोटांडा पीलीभीत जंगल मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी ट्राली पलटने से एक मासूम की मौत हो गई। चौदह श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को कलीनगर एसडीएम संदीप यादव ने अपने वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से बरेली रेफर किया गया है। घटना शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे की है। बहेड़ी क्षेत्र के गांव शहदपुर से श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्राली से पीलीभीत टाइगर रिजर्व की माला रेंज में स्थित सिद्ध बाबा स्थल पर चल रहे मेले में आ रहे थे।
माधोटांडा पीलीभीत जंगल मार्ग पर घुसते ही अचानक सामने से आई दूसरी ट्रैक्टर ट्राली को बचाने के कारण संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर ट्राली खाई में जाकर पलट गई। राहगीर मौके पर जमा हो गए। पीलीभीत की ओर से आ रहे एसडीएम कलीनगर संदीप यादव ने रुककर घटना की जानकारी की।
सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दस से अधिक श्रद्धालुओं के घायल होने पर एसडीएम अपने सरकारी वाहन से ही जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। घायलों में महिला पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं। जिला अस्पताल में अरुण कुमार पुत्र मान सिंह निवासी सैजपुर नवाबगंज को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।