शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। बिजली कटौती ही नहीं बल्कि आए दिन हो रहे फाल्ट से परेशानी हो रही है। अब विभाग ने बिजली कटौती की समस्या को दूर करने के लिए केबल बदलना शुरू कर दिया है।
विभागीय अफसरों की मानें तो शहर में नो पावर कट जोन को पूरी तरह सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। मगर गर्मी में लोड अधिक बढ़ने के कारण शहर में फाल्ट की संख्या अचानक दोगुनी हो गई है।
इसी के कारण शहरवासियों को बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है। मगर अब विभाग ने शासन को पत्र भेजकर प्रस्ताव भेजा है कि शहर की जितनी भी जर्जर केबल (तार) हैं उनको बदल दिया जाए। जिससे फाल्ट बंद किए जा सकें। अधीक्षण अभियंता मुकुल सिंघल का कहना है कि गर्मी में सबसे पहले हर हालत में बिजली कटौती को दूर करना है।
मगर लोड बढ़ने के कारण फाल्ट बढ़ रहे हैं। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं कि लोड को कम किया जाए। मगर वह हो नहीं पा रहा है। इसलिए जिन सेक्टरों और गांवों में फाल्ट बढ़ रहे हैं उनमें केबल ही नए बदलने शुरू कर दिए हैं। जबकि कुछ स्थानों की लाइन को बदलने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।