चार दिन पहले रुपयों को लेकर हुए विवाद में जलपुरा में बृहस्पतिवार देर रात कुछ युवकों ने प्रॉपर्टी डीलर पर गोलियां बरसा दीं। आरोप है कि युवकों ने पांच राउंड फायरिंग की है। हमले में एक गोली प्रॉपर्टी डीलर के पैर में लगी है।
उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। फायरिंग की सूचना पर एसपी देहात अभिषेक यादव समेत अन्य पुलसि अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे।
जलपुरा निवासी प्रॉपर्टी डीलर का कार्य करने वाले विनोद का गांव में मार्केट है। उनकी मार्केट में मूलरूप से बिहार निवासी एक युवक की परचून की दुकान है। विनोद के परिजन ने बताया कि चार दिन पहले गांव के ही रहने वाले कुछ युवक ने दुकान पर सामान लेने आए और पैसा नहीं दिया। जबकि युवकों पर दुकान का पहले से उधार है।
विनोद के छोटे भाई ने युवकों को पैसा देने के लिए कहा तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान युवकों ने अन्य साथी बुलाकर विनोद के भाई और दुकानदार की पिटाई कर दी। परिजनों का कहना है कि विरोधी पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज करा दी थी और बुधवार को उन्होंने अपनी जमानत कराई थी। परिजनों का कहना है कि बृहस्पतिवार को इसी बात को लेकर पंचायत भी हुई थी।
जिसमें समझौता भी हो गया था। वहीं, विनोद अपने दफ्तर से देर रात करीब 9:30 बजे बाइक से आ रहा था। इस दौरान दो बाइक पर सवार होकर पांच युवकों ने उनपर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली विनोद के पैर में लगी।