- डिस्प्ले बोर्ड पर दिखेगी डॉक्टर से मिलने की बारी
विज्ञापन
पूर्वी दिल्ली। दिलशाद गार्डन स्थित नगर निगम संचालित स्वामी दयानंद अस्पताल में ओपीडी रजिस्ट्रेशन के लिए डिजिटल व्यवस्था शुरू की गई है। अस्पताल की पहली और दूसरी मंजिल पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं। मरीज या उनके परिजन मोबाइल से कोड स्कैन कर टोकन नंबर प्राप्त कर सकेंगे। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इससे रजिस्ट्रेशन के नाम पर सक्रिय बिचौलियों और दलालों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। अस्पताल प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ दलाल ओपीडी कार्ड बनवाने या रजिस्ट्रेशन जल्दी कराने के नाम पर मरीजों से पैसे वसूलते हैं। नई व्यवस्था से मरीज सीधे सिस्टम के माध्यम से टोकन ले सकेंगे और प्रक्रिया पारदर्शी होगी।
मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. सुनीता कुजूर ने बताया कि मरीज पेटीएम या फोनपे जैसे ऐप से क्यूआर कोड स्कैन कर सकेंगे। इसके बाद मोबाइल पर आए ओटीपी को दर्ज करते ही टोकन नंबर जनरेट होगा। मरीज काउंटर स्टाफ को टोकन नंबर और बीमारी की जानकारी देंगे। इसके बाद ओपीडी कक्षों के बाहर लगे डिस्प्ले बोर्ड पर उनकी बारी दिखाई देगी। इससे मरीजों को बार-बार पूछताछ करने या भीड़ में इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। ब्यूरो