शकूरबस्ती-रोहतक-जींद जाखल सेक्शन पर कम ऊंचाई का सबवे बनाने का काम कुछ दिनों के लिए रेलवे ने रोक दिया है। लिहाजा अब 15 मई से निरस्त व आंशिक रूप से निरस्त की गई ट्रेनें अब अपने समय से ही चलेंगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन संख्या 14625 दिल्ली सराय रोहिल्ला फिरोजपुर एक्सप्रेस, कुरुक्षेत्र पैसेंजर, सिरसा-जींद पैसेंजर, दिल्ली-फिरोजपुर पैसेंजर, दिल्ली-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस, मुंबई सेंट्रल-फिरोजपुर जनता एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से ही चलेंगी।
हालांकि कोलकाता एक्सप्रेस व महानंदा एक्सप्रेस के यात्रियों को परेशान होना पड़ेगा। रेलवे ने तकनीकी कारणों से आनंद विहार-कोलकाता एक्सप्रेस व दिल्ली-अलीपुरद्वार सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस को 13 मई को निरस्त रखने का निर्णय लिया है।
दूसरी तरफ रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रख कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। गोरखपुर-छत्रपति शिवाजी एक्सप्रेस ट्रेन में 25 मई से एसी चेयर कार का अतिरिक्त कोच जुट जाएगा। इसी तरह गोरखपुर-जम्मू तवी स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन में भी 28 मई से 30 जून तक अतिरिक्त एसी चेयर कार जोड़ने का निर्णय लिया गया है।