गिरफ्तार यात्री की पहचान अभिनव शर्मा के रूप में हुई है। केबिन क्रू में काम करने वाली महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 102 के इकोनॉमी क्लास के क्रू में शामिल थी। इन्होंने आरोप लगाया कि विमान में यात्रा कर रहा अभिनव शर्मा अचानक आस-पड़ोस में बैठे यात्रियों पर चिल्लाने लगा। इस दौरान वह लगातार गाली-गलौज कर रहा था। क्रू मेंबर यात्री को लगातार ऐसी हरकत करने से मना करते रहे, लेकिन वह किसी की बात नहीं सुन रहा था। केबिन सुपरवाइजर ने आरोपी यात्री को चेतावनी दी। बाद में उसे लिखित चेतावनी भी दी गई। इसके बावजूद भी वह कुछ भी समझने को तैयार नहीं था। वह विमान में यात्रा कर रहे लोगों के साथ गाली-गलौज करता रहा।
महिला क्रू मेंबर ने जब उसे चुप करवाने की कोशिश की तो वह अशोभनीय बातें शुरू कर दी। उसके बाद क्रू सदस्य उसे काबू करने की कोशिश करने लगे। रोके जाने पर वह लगातार उग्र हो रहा था। दिल्ली हवाई अड्डा पहुंचने पर महिला क्रू मेंबर ने इसकी शिकायत थाने में की। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि मामला एक अक्तूबर का है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।