संसद में हुई घटना के बाद गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वह एक दिन गुरुग्राम के सेक्टर-7 एक्सटेंशन के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में विशाल उर्फ विक्की शर्मा के 67 नंबर मकान में ठहरे थे। एक रात इनके घर बिताने के बाद यह बुधवार सुबह ही दिल्ली गए थे।
पूछताछ के दौरान दंपती की बेटी भी मौजूद रही
संसद में हुई इस घटना के बाद जब गुरुग्राम कनेक्शन मिला तो दिल्ली पुलिस की एक टीम विशाल शर्मा उर्फ विक्की शर्मा के घर पहुंच गई और विक्की व उसकी पत्नी वृंदा को हिरासत में लेकर पूछताछ करने लगी। इस दौरान उनकी बेटी भी मौजूद रही। सूत्रों की मानें तो दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर और महिला पुलिस अधिकारी उनकी बेटी से भी पूछताछ कर रही हैं।
कमिश्नरेट की पुलिस व खुफिया तंत्र सक्रिय
घटना के बाद से ही कमिश्नरेट की पुलिस व खुफिया तंत्र इस पूरे क्षेत्र में सक्रिय हो गया और पूछताछ शुरू कर दी लेकिन दंपती को हिरासत में लिए जाने की स्पष्ट रूप से पुष्टि नहीं कर रहे। पुलिस अधिकारियों की मानें तो अभी स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता है। दिल्ली पुलिस व कई सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूछताछ की जा रही है। उन्हें भी सूचना मिली है कि दिल्ली पुलिस ने दंपती को हिरासत में लिया है और दंपती की बेटी से भी पूछताछ की जा रही है।
दिल्ली पुलिस की ओर से जांच के लिए दंपती को हिरासत में ले जाया गया है। पुलिस टीम अपने स्तर पर इसके बारे में छानबीन कर रही है। - वरुण दहिया, एसीपी क्राइम, गुरुग्राम